बुधवार, 29 मार्च 2023

“वो दिन भी क्या दिन थे।” मनोज जैन


 “वो दिन भी क्या दिन थे।”
____________________
                                      मनोज जैन

"बचपन के दिनों को जिंदगी के सबसे सुनहरे दिनों में गिना जाता है। ये वो सबसे खास पल होते हैं, जब न ही किसी चीज की चिंता होती है और न ही किसी चीज की परवाह। हर किसी के बचपन का सफर यादगार और हसीन होता है।"हममें से हर एक इस कथन के निकस पर खरा उतरता है।
               मेरा जन्म मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला की तहसील खनियाधाना के एक छोटे से गाँव, बामौर कला में हुआ। माता-पिता सहित कुल जमा नों सदस्यों के संयुक्त परिवार में,चार भाइयों और तीन बहिनों के क्रम में, मेरा नम्बर सबसे छोटी बहिन के ठीक पहले आता है। 
          सत्तर के दशक में अमूमन परिवार संयुक्त ही हुआ करते थे। हमारे गाँव में तब लाइट नहीं थी जमाना लालटेन वाला था। सारा गाँव रात्रि के अंधकार में दियों के प्रकाश से टिमटिमाता था। कृष्णपक्ष की डरावनी सांय-सांय करती काली रातें मुझे डरावनी लगती थी। ऐसे में पिता जी मुझे अपनी स्मृति के अक्षय कोष से, कभी कहानी सुनाते तो कभी कविता। दर्शन उनका प्रिय विषय था। वह अपने अनूठे अंदाज़ में बड़ी से बड़ी दार्शनिक व्याख्या सरल शब्दों में समझा देते। और मैं निर्भय होकर सो जाया करता।
                    गाँव के चौकीदार की "जागते रहो! की आवाज़ सुनकर चौंक जाता पर धीरे-धीरे पिता के सानिध्य से मन सबल होने लगा। अतीत की स्वर्णिम स्मृतियों में झाँकने पर, मुझे मेरा बचपन उम्र के चौथे वर्ष से याद है। उनमें से कुछ स्मृतियाँ साफ तो कुछ धुंधली। पिताजी का छोटा सा स्वयं का व्यापार था। आय बहुत नहीं थी। पिता जी सबका ख्याल रखते थे। हम सब भाई बहिन बहुत खुश रहते थे। जब मैं पाँच वर्ष का था तब अचानक हमारे हँसते-खेलते परिवार को किसी की बुरी नज़र लग गई। बड़े भाई को क्षय रोग ने घेर लिया। उन दिनों क्षय रोग असाध्य और जानलेवा हुआ करता था। पिताजी की जमा पूँजी, माता जी के गहने, घर की छोटी-मोटी खेतीबाड़ी सब कुछ देखते-देखते बिक गए। 
       इस संकटकाल में पिता ना तो विचलित हुए ना ही परिस्थितियों से टूटे। इन दो वर्षों के अन्तराल में शहर-दर-शहर, अस्पताल दर अस्पताल भटकते हुए, आस्तिक माता-पिता के संघर्ष ने हमारे भाई को मौत के मुँह से खींच लिया। वे स्वस्थ्य हो गए। फिर क्या था। परिवार में फिर से खुशियाँ लौटी । पिता ने अपने अनथक परिश्रम से, पहले से ज्यादा, वह सब अर्जित कर लिया जो खोया था। 
            मुझे बचपन के दो प्रसङ्ग याद आते हैं। हमारे अस्तिक पिता, हम सब भाई बहनों को सुबह शाम दोनों समय देव दर्शन के लिए, मन्दिर ले जाया करते थे। हमारे गाँव के मन्दिर की छोटी सी लाइब्रेरी से मेरे जुड़ाव को देखते हुए, उन्होंने सिद्धान्त ग्रंथों के सार, मुझे उस उम्र में समझाए जिस उम्र में बच्चों का मन खेलने कूंदने में ज्यादा रमता है।
 पिताजी का छँदसिक कविता पर अच्छा अधिकार था। वह अक्सर दोहों में पूरी और घण्टों बात कर सकते थे। मानस उन्हें कंठस्थ थी। प्रथमानुयोग से लेकर अनेक पौराणिक आख्यान  रटे थे। कुल मिलाकर उनका असर हम सात भाई बहिनों पर सबसे ज्यादा मुझ पर ही पड़ा।
     बचपन के सारे किस्से याद करूँ तो यादें इतनी हैं कि .......
खैर दो प्रसङ्ग और बताना चाहता हूँ। 
          मुझे भाषाओं से आरम्भ से ही लगाव रहा। गुजराती और पँजावी पढ़ना मैंने रद्दी पेपर्स की कटिंग से ही सीख लिया था। अँग्रेजी के शब्द और भाषा ज्ञान के लिए उस समय की फिल्मों में प्रयुक्त शब्द रट लिया करता था। मन से देखा जाय तो आरम्भ से ही प्रकृति प्रेमी रहा हूँ। आषाढ़ मास के झरते मेघों की झड़ियों को, घर की खिड़की से, बैठकर निहारना, गाँव की झील और कुओं के पानी से लवालब भर जाने के दृश्य, अब भी मन को रोमांचित से भर देते हैं।
       अब ना तो वैसे काले मेघ घिरते हैं, ना ही बीस पच्चीस दिनों वाली झड़ी लगती है।
       मुझे, बचपन में देखे सपने सबसे ज्यादा याद हैं; जिनमें से कुछ साकार हो गए और कुछ  साकार होने वाकी हैं। मेरा मन आकाश में ऊँचे उड़ने के बहुत सपने देखा करता था। बचपन का गाँव अब गाँव नहीं रहा । सब कुछ बदल गया।
चलते-चलते एक प्रसङ्ग और जोड़ता चलूँ।
          मेरा बाल मन उस समय भी स्वप्न द्रष्टा था और अब भी। एक बार सच्चे मन से इच्छा कर लूँ तो, चीजें साकार होने में देर नहीं लगती। यह एक प्रकार से देवयोग ही है।
     मैं और मेरा एक मित्र, जब हम लोगों की उम्र बमुश्किल 6 के करीब रही होगी। मैं अपने  बाल सखा वीरेंद्र सिंघई से कहा करता, "वीरेंद्र देख! "वहाँ दूर उस जगह, किसी दिन यहाँ से ट्रेन गुजरेगी।"
            वह मेरी बात पर जोर से ठहाका मारता और हम लोग घर की तरफ लौट आते!
                  मेरा देखा हुआ हू-ब-हू स्वप्न साकार हुआ। ठीक उसी जगह से जहाँ मैं अपने सखा को देखने के लिए कहा करता था। ट्रैन तो नहीं, पर हाँ! राजघाट बाँध की एक बड़ी नहर जरूर निकली है बिल्कुल पटरियों के दो गुने आकार की जिसके चलते पूरा इलाका हरा भरा और सम्पन्न हो गया।
         काश ! मेरा बाल सखा भी आज उस दृश्य को देखने के लिए होता 
       अक्सर लोगों के मुँह से यह कहते जरूर सुनता था कि “वो दिन भी क्या दिन थे।” आज मैं भी तो यही कह रहा हूँ।
          “वो दिन भी क्या दिन थे।”

मनोज जैन 'मधुर'
_____________
106, विट्ठलनगर गुफ़ामन्दिर रोड
लालघाटी भोपाल
462030
मोबाइल
9301337806

शुक्रवार, 17 मार्च 2023

भूमिका मनोज जैन

भूख पर पहरे : 
-----------------
      हिन्दी में गीति काव्य शब्द का सबसे पहले प्रयोग लोचन प्रसाद पाण्डेय जी ने 'कविता कुसुम माला की भूमिका में किया था। समय के अंतराल से यही गीति काव्य अब गीत के नाम से जाने लगा है। गीति काव्य से लेकर गीत होने तक की यात्रा में गीति काव्य जिस लक्षण के आधार पर पृथक पहचाना जाता है वह है उसका आंतरिक लक्षण, उसका अंतर्मुखी दृष्टिकोण। गीतिकार की दृष्टि अपेक्षाकृत सीमित, वैयत्तिक और आत्मनिष्ठ होती है जबकि गीत के साथ वह व्यापक हो जाती है। गीति काव्य, कवि की निजी भावनाओं का प्रकाश होता है। मन की तरल-सरल भावनाएँ जब लय में एकाकार होकर गंभीर भावावेश के परिणामस्वरूप सहज उद्वेग एवं प्राकृतिक वेग के साथ निःसृत होती हैं तब गीत रचना हो जाती है।
                                 कहा जाता है कि गीत व्यक्ति के अन्तराल से निकली कोई ध्वनि है जो विस्तारित होकर समयगत परिसीमाओं तक रहती है। वस्तुतः गीत मन को छूने वाली सरस् प्रस्तुति है। काव्य में नवल स्वर हो,गेयता भी, सुख-दुख की सूक्ष्मता और गहन क्रीड़ा एवं सघन पीड़ा की अनुभूति तथा कथ्य की संक्षिप्तता से गीत की पृष्ठभूमि  बनती है।     
                    लयात्मकता और गीतात्मकता उस काव्य में सर्वोच्चता प्रदान करती है और जब गीत संगीतमय होकर दिग्दिगन्त में परिव्याप्त हो जाता है ,अनूगूँज छोड़ता है।
                   गीति काव्य से लेकर गीत यात्रा तक की इस वैचारिक पृष्ठभूमि के निकस पर रखकर यदि मुरैना, मध्यप्रदेश के चर्चित गीतिकार डॉ.कैलाश गुप्ता "सुमन" जी के गीतों पर दृष्टिपात करें तो उनके काव्य में दोनों अन्तर्मुखी और बहिर्मुखी दृष्टियाँ देखने को मिलती हैं। 
                                  वरिष्ठ रचनाकार डॉ.कैलाश गुप्ता 'सुमन' जी पिछले चार दशकों से निरन्तर छन्द की साधना में रत हैं और उनका लेखन बहुआयामी है। हाल ही मैं मुझे उनकी पाण्डुलिपि  'भूख पर पहरे' के लगभग पाँच दर्जन गीतों से एक साथ  गुज़रने का अवसर मिला। इन गीतों की कहिन पारम्परिक शैली में है सम्भवतः इसके पीछे पारम्परिक छन्दों की सुदीर्घ साधना भी एक कारक रही है।  सुमन जी गीत, दोहा, सोरठा,कुण्डलिया, छप्पय और घनाक्षरी जैसे पारम्परिक छन्द साधिकार लिखते आ रहे हैं। साथ ही बाल साहित्य में भी आपकी अच्छी खासी पैठ है। 
           यही कारण है कि भिन्न भावभूमियों के विविध गीतों से सुसज्जित खूबसूरत गुलदस्ते में अनेक रंग के गीतनुमा पुष्पों पर पाठक  मन रीझ -रीझ जाता है।
                'भूख पर पहरे' के गीतों को वर्गीकरण के आधार पर मोटे तौर से,सामाजिक समरसता, प्रकृति और पर्यावरण,आर्थिक असमानता, मूल्यबोध, घर-परिवार , तीज-त्योहार, ईश-आराधन भौगोलिक स्थिति, प्रेरणा पुरुष और समसामयिक सन्दर्भ के साथ वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य जैसे अनेक विषयों में अलग-अलग बाँटा जा सकता है।
                 डॉ.कैलाश गुप्ता 'सुमन' जी के गीतों के परिप्रेक्ष्य में यदि सार संक्षेप में कुछ कहा जाय तो इन गीतों का मूल वैशिष्ट्य इनमें युगीन प्रासंगिकता का होना है। इसीलिए यह पाठक के साथ दूर तक चलते हैं और देर तक साथ बने रहते हैं।
द्रष्टव्य है उनका जिन्दगी से जुड़े एक गीत का अंश
   "प्राणवायु के बिना टूटती,
साँसों की सरगम
जीवन अगर बचाना है तो,
पेड़ लगाएँ हम।।
वसुधा वसन विहीन हो रही
उसे वसन पहनाओ।
दुष्ट दुशासन नहीं,कृष्ण-सा
बनकर रूप दिखाओ।
दुनियाभर में हरियाली का,
फहराओ परचम।
        हमारे वाङ्गमय में इस बात के अनेक प्रमाण मिलते हैं कि कवि अपनी दृष्टि से भूत भविष्य एवं वर्तमान को कुछ अंशों में जानने में सक्षम होता है।
                इसी सन्दर्भ के आधार पर डॉ. कैलाश गुप्ता सुमन जी यदि अपने गीत में शोषित की आवाज़ बनने के घोषणा करते हैं तो इसमें आश्चर्य कैसा !
 देखें उनके गीत का एक और अंश-
      "गर्व करेगी दुनिया इनपर
       भारत माँ का ताज बनेंगे।
       मेरे गीतों के कुछ मुखड़े,
       शोषित की आवाज़ बनेंगे।
जनगण मन की पीड़ा हरना
मेरे गीतों की परिपाटी।
राह बताने को बनते हैं
सबके सब अंधों की लाठी।
कान बनेंगे यह बहरों के
गूंगों के अल्फ़ाज़ बनेंगे।
मेरे गीतों के कुछ मुखड़े,
शोषित की आवाज़ बनेंगे।"

        संग्रह के कुछ गीतों में (भले ही इनकी संख्या अत्यल्प ही क्यों न हो) व्यवस्था विरोध का तीखा स्वर है। जैसे-जैसे इन गीतों के कथ्य में समसामयिक सन्दर्भ जुड़ते गए गीत अंतरा दर अंतरा धारदार होता चला गया। 
           डॉ. कैलाश गुप्ता 'सुमन' जी का नया संग्रह "भूख पर पहरे" ऐसे ही गीतों के चलते पाठकों में समादृत होगा; ऐसा मेरा मानना है।
  डॉ.कैलाश गुप्ता 'सुमन' जी की अतिशय विनम्रता प्रणम्य है।
उन्हें नई कृति "भूख पर पहरे"के लिए बहुत बहुत शुभकामनाएँ।

मनोज जैन 'मधुर'
106, विट्ठलनगर, 
गुफामन्दिर रोड,
भोपाल 
462030
मोबाइल 9301337806

'भूख पर पहरे'