मंगलवार, 24 मई 2022

मनोज जैन के दो नवगीत प्रस्तुति : वागर्थ



मनोज जैन के दो नवगीत 
___________________

एक
_____

फतह,किया 
राजा ने
एक किला और।

सन्देशा भेज कहा 
स्वीकारो दासता।
वर्ना हम दिखलायें 
बाहर का रास्ता।

अब भी है समय 
हमें मानो 
सिरमौर।

रणभेरी बजी खूब 
देखकर सुभीता। 
कुटिल चाल चली
युद्ध राजा ने जीता।

परजा ने 
फिर ढूँढा
एक नया ठौर।

क्षत्रप सब राजा के 
संग साथ नाचें।
परजा के हाव-भाव 
एक एक जाँचे।

आया जी 
चमचों का
कैसा यह दौर।

हँसी-खुशी आका को
बोलो कब भाती।
राज करो फूट डाल 
नीति ही सुहाती।

बात रही
इतनी सी 
फरमाना गौर।

कौन यहाँ सच कहने 
सुनने का आदी।
पीटे जा राज पुरुष 
जोर से मुनादी।

पसरेंगे 
पैर नहीं
छोटी है सौर!

युग बीता अच्छा दिन 
एक नहीं आया।
ज्ञानी ने मूरख को
स्वप्न फिर दिखाया।

भूखों को 
घी चुपड़े
डाल रहा कौर।

दो
____

दिन पहाड़ से कैसे काटें !

चुप्पी ओढ़े 
रात खड़ी है,सन्नाटे दिन बुनता।
हुआ यंत्रवत 
यहाँ आदमी नहीं किसी की सुनता।

सबके पास 
समय का टोटा,किससे अपना सुख दुख बाँटें
दिन पहाड़ से कैसे काटें !

बात-बात में
टकराहट है यहाँ नहीं दिल मिलते।
ताले जड़े हुए 
होठों पर हाँ ना में सर हिलते।

पीढ़ीगत इस 
अंतराल की खाई कोअब कैसे पाटें!
दिन पहाड़ से कैसे काटें !

पीर बदलते
हाल देखकर पढ़ने लगी पहाड़े।
तोड़ रहा दम 
ढाई आखर उगने लगे अखाड़े।

मन में उगे 
कुहासे गहरे,इन बातों से कैसे छाँटें !
दिन पहाड़ से कैसे काटें !

मनोज जैन

परिचय
________

जन्म २५ दिसंबर १९७५ को शिवपुरी मध्य प्रदेश में।
शिक्षा- अँग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर

प्रकाशित कृतियाँ-
(1) 'एक बूँद हम' 2011 नवगीत संग्रह
(2) 'धूप भरकर मुठ्ठियों में' 2021 नवगीत संग्रह
पत्र-पत्रिकाओं आकाशवाणी व दूरदर्शन पर रचनाएँ प्रकाशित प्रसारित। निर्मल शुक्ल द्वारा संपादित "नवगीत नई दस्तकें" तथा वीरेन्द्र आस्तिक द्वारा संपादित "धार पर हम (दो)" में सहित लगभग सभी शोध संकलनों नवगीत संकलित

पुरस्कार सम्मान-
मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल द्वारा सार्वजनिक नागरिक सम्मान 2009 म.प्र.लेखक संघ का रामपूजन मिलक नवोदित गीतकार सम्मान 'प्रथम' 2010 अ.भा.भाषा साहित्य सम्मेलन का सहित्यप्रेमी सम्मान-2010, साहित्य सागर का राष्ट्रीय नटवर गीतकार सम्मान- 2011
राष्ट्रधर्म पत्रिका लखनऊ का राष्ट्रधर्म गौरव सम्मान 2013
अभिनव कला परिषद का अभिनव शब्द शिल्पी सम्मान -2017

संप्रति-
सीगल लैब इंडिया प्रा. लि. में  मैनेजर
सोशल मीडिया पर चर्चित
समूह वागर्थ के संचालक
पता
मनोज जैन
106
विट्ठल नगर गुफ़ामन्दिर रोड
भोपाल
462030
सम्पर्क
9301337806
ईमेल- manojjainmadhur25@gmail.com

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें