रविवार, 13 नवंबर 2022

कविवर रामकिशोर दाहिया जी का एक नवगीत

कविवर रामकिशोर दाहिया जी का एक नवगीत
उनकी चर्चित कृति
"अल्पना अंगार पर" से साभार



प्रस्तुति वागर्थ


कसमस करे चना
_____________________

श्रृंगारित मन मुग्ध षोडशी 
रस अभिसार घना।
फँसकर घेंटी अन्तर जैसे 
कसमस करे चना।

पंखुरियों के नए समुच्चय 
हँसते लोल कपोल।
होंठों के किसलय मुस्काकर
देते मीठे बोल।

लज्जा की संगोपन संज्ञा
भौंह कमान तना।

नयनों की मधुमयी झील में
मनसायन के सपने।
कजरी कोरें लिख लिख बाँचें
छन्द मालिनी अपने।

मन रतियाना हँसी सलोनी
सुन्दर रूप घना।

नमस्कार अनुवाद नासिका
बिंदिया फूल धरे।
माथे केश घटा-लट उलझे
हर सिंगार झरे।

लटके श्रवण विरोचित 
लटकन मुदिता प्यार बना।

उन्न्त गिरि श्रृंगों को कसते 
कंचुक बनकर बदरा।
गोरे तन पर धानी कुर्ता
बेल दुपट्टा लहरा।

फगुनाए पावस का उत्सव 
यौवन लोलमना।

रामकिशोर दाहिया

परिचय

|| संक्षिप्त जीवन परिचय ||
---------------------------------

~ रामकिशोर दाहिया
जन्म : 29, जुलाई, 1962 ई0। ग्राम- लमकना, जनपद-बड़वारा, जिला-कटनी (मध्यप्रदेश) के सामान्य कृषक परिवार में।
शिक्षा : एम.ए.राजनीति, डी.एड.।

प्रकाशन एवं प्रसारण :
देश विदेश की प्रतिष्ठित पत्र- पत्रिकाओं में,1986 से गीत, नवगीत, नई कविता, हिन्दी ग़ज़ल, कहानी, लघु कथा, ललित निबंध प्रकाशन के अतिरिक्त हिन्दी ब्लॉग 'कविता कोश', 'संवेदनात्मक आलोक' ब्लॉग में नवगीत रचनाएँ संग्रहीत तथा जाल पत्रिका 'अनुभूति' 'पूर्वाभाष' 'हस्ताक्षर' में रचनाएं प्रकाशित। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के विभिन्न प्रसारण केन्द्रों से भी रचनाओं का प्रसारण।

प्रकाशित कृतियाँ :
[1] 'अल्पना अंगार पर' नवगीत संग्रह 2008, उद्भावना दिल्ली। [2] 'अल्लाखोह मची' नवगीत संग्रह 2014, उद्भावना दिल्ली। [3] 'नये ब्लेड की धार' [नवगीत संग्रह] प्रकाशन प्रक्रिया में।

संयुक्त संकलन : 
जिनमें रचनाएँ प्रकाशित हुईं---[1]'नवगीत : नई दस्तकें' 2009, उत्तरायण प्रकाशन, लखनऊ। [2]'नवगीत के नये प्रतिमान' 2012, कोणार्क प्रकाशन, दिल्ली। [3]'गीत वसुधा' 2013, युगांतर प्रकाशन, दिल्ली। [4] 'नवगीत का लोकधर्मी सौंदर्यबोध' 2014 कोणार्क प्रकाशन, दिल्ली। [5] 'सहयात्री समय के' 2016 समीक्षा प्रकाशन, दिल्ली-मुजफ्फरपुर। [5] 'नवगीत का मानवतावाद' 2020 कोणार्क प्रकाशन दिल्ली।

विशेष टीप :
वाट्सएप पर संचालित एवं फेसबुक के दोनों संस्करण 'नवगीत वार्ता' एवं 'संवेदनात्मक आलोक' समूह ब्लॉग में अनवरत क्रियाशील रहकर हिन्दी गीत/नवगीत विशेषांक प्रस्तुति शृंखला में विश्व कीर्तिमान की ओर 'संवेदनात्मक आलोक' समूह के संचालक।

सम्प्रति :
मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग कटनी में प्रधानाध्यापक के पद पर सेवारत।

पत्र व्यवहार :
निवास- गौर मार्ग, दुर्गा चौक, पोस्ट-जुहला, खिरहनी, कटनी- 483501(मध्य प्रदेश)
e-mail : dahiyaramkishore@gmail.com
चलभाष : 097525-39896
प्रस्तुति
वागर्थ

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें