शुक्रवार, 3 सितंबर 2021

विजय बागरी विजय जी का लोरी नवगीत

बाल किलकारी में प्रस्तुत है एक लोरी नवगीत
कवि विजय बागरी विजय जी की कलम से

प्रस्तुति 
वागर्थ

लोरी नवगीत
________

चंदन  का   है  झूला
रेशम  की   है   डोरी।
सो जा  गुड़िया रानी
सुनकर माँ की लोरी।।

लेकर  परी  कहानी।
आजा निंदिया रानी।।
गुड़िया को आकर दे,
सपनों की गुड़धानी।।

झूला   तुम्हें  झुलाते
चंदा   और   चकोरी।
सो जा  गुड़िया रानी
सुनकर माँ की लोरी।।

थपकी दे  सहलाती
गीत प्यार  के गाती।
सपनों की फुलवारी
तुमको पास बुलाती।।

देगी   सुबह  'सुनंदा' 
भरकर  दूध  कटोरी।
सो जा  गुड़िया रानी
सुनकर माँ की लोरी।।

मेरी   गुड़िया  प्यारी
फूलों सी  सुकुमारी।
ममता के आँचल में
लगती   राजकुमारी।।

मेरी    लाडो   न्यारी
कंचन   जैसी   गोरी।
सो जा  गुड़िया रानी
सुनकर माँ की लोरी।।

----विजय बागरी 'विजय'

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें